पुरातत्वविदों की एक टीम ने इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टन के पास खुदाई में एक प्राचीन प्रार्थना स्थल की खोज की है। खुदाई के दौरान इंग्लैंड के नॉर्थम्प्टन के पास पुरातत्व विभाग को खुदाई में चार हजार साल पुराना मंदिर मिला है। मंदिर के अलावा खुदाई में पवित्र कलशों सहित कई पुरातात्विक अवशेष भी मिले हैं।
कांस्य युग की कलाकृतियां भी मिली
जानकारी के मुताबिक नार्थम्प्टन के उत्तर में चार मील दूर गांव ओवरस्टोन में लंदन पुरातत्व संग्रहालय की टीम खुदाई कर रही थी। खुदाई के दौरान पुरातत्वविदों की टीम को चौंकाने वाली सामग्री मिलने लगी। बाद में पता चला कि इस टीम ने चार हजार साल पुराना मंदिर खोज निकाला है। यह जानकारी भी सामने आई कि जिस जगह मंदिर मिला है, वह स्थान 2,000 से अधिक वर्षों तक उपयोग में रहा है। खुदाई में कांस्य युग व रोमन सभ्यता के दौर की कई कलाकृतियां पाई गयी हैं। वहां कांस्य युग के पांच कलश दबे मिले हैं।
मानवीय आवाजाही की भी पुष्टि
खुदाई के दौरान पता चला कि यह मंदिर पवित्र स्थान पर बनाया गया है। दो अलग-अलग कमरे मिले हैं, जिनमें एक में सीढ़ियां हैं। दीवारों पर प्लास्टर के साथ कई चित्र बने मिले हैं। खुदाई स्थल पर कोई कब्र या किसी प्रकार के मानव अवशेष नहीं मिले हैं, हालांकि चमड़े के जूते मिले होने से वहां मानवीय आवाजाही की पुष्टि हुई है। जूता दो हजार साल पुराने किसी जैविक अवशेष के बने हुए माने जा रहे हैं। पुरातत्वविदों को पानी के बड़े टैंक भी मिले हैं। विशेषज्ञों को एक रोमन संरचना के अवशेष भी मिले जो 43 और 410 ईस्वी के बीच के माने जा रहे हैं। संरचना का कोई कार्यात्मक उद्देश्य नहीं था और यह पास के झरने से जुड़ा एक मंदिर माना जा रहा है।
इराक में भी मिले थे मंदिर के अवशेष
अभी हाल ही में ब्रिटिश म्यूजियम के पुरातत्वविदों ने इराक के प्राचीन शहर गिरसू के केंद्र में 4,500 साल पुराने सुमेरियन मंदिर के अवशेषों की खोज की थी। ब्रिटिश म्यूजियम के मुताबिक ये प्राचीन साइट मेसोपोटामिया के देवता निंगिरसु को समर्पित है। इस मंदिर को प्राचीन शहर गिरसू का केंद्र बताया गया। ऐसा माना जाता है कि गिरसू मेसोपोटामिया का सांस्कृतिक केंद्र रहा था।