भारत के लिये वैश्विक अवसर: ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भारत का दर्शन विश्व को एक परिवार के रूप में देखता है। यह दर्शन बहुपक्षवाद में भारत के अटूट विश्वास को परिलक्षित करता है।
भारत की समृद्ध विरासत और संस्कृति को ध्यान में रखते हुए व्यंजन पर्यटन (Cuisine Tourism) की एक बेजोड़ विविधता भारत के ‘सॉफ्ट पावर’ को बढ़ाने और विदेशी राजस्व को आकर्षित करने का एक माध्यम बनती है।
भारत के पास G20 की अध्यक्षता के दौरान स्वयं को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का अवसर मौजूद है। इसे समझते हुए भारत विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों का स्वागत करते हुए ‘अतिथि देवो भव’ के अपने सदियों पुराने आदर्श को प्रदर्शित कर रहा है।
भारत की विशाल भौगोलिक संरचना तथा समृद्ध ऐतिहासिक विरासत के कारण यहाँ पर्यटन क्षेत्र के विकास की पर्याप्त संभावनाएँ हैं। इन्हीं कारणों से भारत सरकार द्वारा इस क्षेत्र में सुधार हेतु कई योजनाओं को लागू किया गया है।
इस वर्ष के बजट सत्र में संसद में अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई घाेषणाएं की। उन्होंने कहा कि टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए 50 डेस्टिनेशन को चुना गया है, जहां सरकारी मदद दी जाएगी। इसके अलावा स्वदेश दर्शन स्कीम को बॉर्डर और गांव के टूरिज्म के लिए सेटअप किया जाएगा।
देश में पर्यटन सर्किट के विकास हेतु ‘स्वदेश दर्शन योजना’, विरासत स्थलों के विकास हेतु ‘हृदय’ योजना तथा धार्मिक पर्यटन स्थलों के विकास हेतु ‘प्रसाद’ योजना लाई गई है। विदेशी पर्यटकों के आगमन को सरल बनाने पर बल देते हुए सरकार ने 166 देशों के लिए ई-वीजा व्यवस्था की शुरूआत की है।
पर्यटन मंत्रालय विदेशियों को आकर्षित करने के लिए पूर्वोत्तर जैसे क्षेत्रों का भी इस प्रकार से विकास कर रहा है कि वे सुगम, सुरक्षित और आकर्षक स्थल बन सकें।
वहीं ‘धरोहर गोद लो’ योजना के द्वारा किसी विरासत को कॉर्पोरेट जगत आदि को गोद दिया गया है। इसका उद्देश्य लोगों में अपनी विरासत के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करके उन्हें इनसे जोड़ना है।
साथ ही सरकार द्वारा इस दिशा में अतुल्य भारत पर्यटक सुविधा प्रदाता प्रमाणपत्र (Incredible India Tourist Facilitator Certification&IITFC) पोर्टल लॉन्च किया गया है।
भारत की G20 अध्यक्षता में पर्यटक कार्य समूह की दूसरी बैठक में वैश्विक पर्यटन क्षेत्र के उन सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी जो वर्तमान समय में अहम मुद्दे हैं।
कोविड महामारी के बाद पूरी दुनिया का पर्यटन क्षेत्र फिर से एक ऊंची उड़ान भरने के लिए अपने पंख फैला रहा है; ऐसे में भारत का ‘अतिथि देवो भव:’ का विचार दुनिया के पर्यटन बाजार को एक नया नजरिया देगा वहीं भारत को सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।