: भारत संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग, मादक पदार्थ रोकथाम आयोग और संयुक्त राष्ट्र एचआईवी एड्स कार्यक्रम समन्वय बोर्ड का सदस्य चुना गया
भारत को संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग, मादक पदार्थ रोकथाम आयोग और संयुक्त राष्ट्र एचआईवी एड्स कार्यक्रम समन्वय बोर्ड का सदस्य चुना गया है। ये तीनों संयुक्त राष्ट्र की आर्थिक और सामाजिक परिषद के महत्वपूर्ण सहायक निकाय हैं। सांख्यिकी आयोग अंतरराष्ट्रीय सांख्यिकी गतिविधियों पर नजर रखने वाली सर्वोच्य संस्था है और यह इस क्षेत्र में मानक निर्धारित करने के लिए उत्तरदायी है।
: पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के खिलाफ आपराधिक मामले में अगली सुनवाई चार दिसंबर को होगी
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ आपराधिक मामले में सुनवाई की अगली तारीख चार दिसंबर तय की गई है, जिसमें ट्रंप को व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।ट्रंप अमेरिकी के पहले पूर्व राष्ट्रपति हैं जिन पर आपराधिक आरोप लगाए गए हैं। ट्रंप ने मंगलवार को मैनहट्टन की एक अदालत में पेशी के दौरान कारोबारी रिकॉर्ड में हेराफेरी करने के 34 संगीन मामलों में खुद को निर्दोष बताया था। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक अदालत में पेशी के कुछ घंटे बाद मैनहट्टन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी अल्विन ब्रैग ने कहा कि न्यूयॉर्क राज्य गंभीर आपराधिक आचरण को सामान्य नहीं मानेगा, चाहे आरोपी कोई भी हो।
: ताइवान जलडमरूमध्य में जहाजों का निरीक्षण करेगा चीन, ताइवान ने सहयोग करने से मना किया
चीन के फुजियान समुद्री सुरक्षा प्रशासन ने ताइवान जलडमरूमध्य के मध्य और उत्तरी हिस्सों में तीन दिवसीय विशेष संयुक्त गश्त और निरीक्षण अभियान शुरू किया है, समुद्री सुरक्षा प्रशासन ने अपने वीचैट अकाउंट पर यह जानकारी दी।
यह कदम चीन और ताइवान के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है, यूएस हाउस के स्पीकर केविन मैक्कार्थी ने बुधवार को कैलिफोर्निया में ताइवान के राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन की मेजबानी की थी।
केविन मैक्कार्थी दशकों में अमेरिकी धरती पर ताइवान के नेता से मिलने वाले सबसे वरिष्ठ अमेरिकी व्यक्ति बन गए।
: “हम अरुणाचल प्रदेश को भारत के अभिन्न अंग के रूप में मान्यता देते हैं।” : अमेरिका
अमरीका ने साफ किया है कि वह अरूणाचल प्रदेश को भारत का हिस्सा मानता है और अरूणाचल प्रदेश के 11 स्थानों का नाम बदलकर उन्हें दक्षिणी तिब्बत बताकर एकतरफा तरीके से क्षेत्रीय बढ़त बनाने के चीन के प्रयासों का कड़ा विरोध करता है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरीन जेन पियरे ने भारतीय राज्य अरूणाचल प्रदेश के 11 स्थानों को नाम बदलने के प्रयास पर अमरीका का मत साफ करने के संबंध में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा, “जैसा कि आप सभी जानते हैं कि अमरीका ने उस क्षेत्र को लंबे समय से मान्यता दी है। और हम इलाकों का नाम बदलकर क्षेत्रीय दावों को आगे बढ़ाने के किसी भी एकतरफा प्रयास का कड़ा विरोध करते हैं।
: पूर्वी अंटार्कटिका में 9000 साल पहले बर्फ की चादर तेजी से पिघलने के साक्ष्य मिले
वैज्ञानिकों को इस बात के साक्ष्य मिले हैं कि 9,000 से 5,000 साल पहले के बीच की अवधि, जिसे मध्य-होलोसिन काल कहा जाता है, में क्वीन मौड लैंड में पूर्वी अंटार्कटिक की बर्फ की चादर तेजी से पिघली।
वैज्ञानिक ने कहा कि अंतिम हिमयुग की समाप्ति के बाद पूर्वी अंटार्कटिका में बर्फ की चादर पतली थी, जबकि पहले उत्तरी अमेरिका, उत्तरी यूरोप और दक्षिणी दक्षिण अमेरिका में बर्फ की मोटी चादर होती थी।
जब ये बर्फ की चादर पिघली तो समुद्र का जलस्तर 100 मीटर से अधिक बढ़ गया।
: जातिगत भेदभाव के खिलाफ विधेयक को लेकर भारतीय-अमेरिकियों ने की रैली
अमेरिका के कैलिफोर्निया में जातिगत भेदभाव पर प्रतिबंध लगाने के वास्ते एक विधेयक पेश करने वाली डेमोक्रेटिक पार्टी की सीनेटर के खिलाफ भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण रैली की।
स्टेट सीनेटर आइशा वहाब ने 22 मार्च का यह विधेयक पेश किया था। विधेयक पारित होने पर अमेरिका का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य कैलिफोर्निया जाति-आधारित पूर्वाग्रह को खत्म करने वाला देश का पहला राज्य बन सकता है।