गुढ़ी पाड़वा विशेष रूप से मराठी और कोंकणी हिंदुओं द्वारा मनाए जाने वाला त्योहार है। जो हिंदू लूनिसोलर कैलेंडर के अनुसार चैत्र महीने की शुरुआत में अत्यंत जोश और उत्साह के साथ मनाया जाता है। आमतौर पर यह ग्रेगोरियन कैलेंडर के अनुसार मार्च और अप्रैल के मध्य पड़ता है। इस वर्ष आज 22 मार्च को यह त्योहार मनाया जा रहा है। प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों को इस अवसर पर शुभकामनाए दी हैं।
उत्पत्ति और महत्व ‘गुढ़ी’ शब्द का अर्थ ध्वज या बैनर है, और ‘पाड़वा’ चंद्र पखवाड़े के पहले दिन को कहते है। ऐसी मान्यता है कि भगवान ब्रह्मा ने इस दिन ब्रह्मांड का निर्माण किया था, और माना जाता है कि उन्होंने बुराई पर अपनी जीत का संकेत देने के लिए एक झंडा या ‘गुढ़ी’ फहराया था। तभी से गुढ़ी पाड़वा के त्योहार बुराई पर अच्छाई की इस जीत की प्रतीक के रूप में मनाया जाता है और समृद्धि, खुशी और सफलता के एक नए युग की शुरुआत को दर्शाता है।
कैसे मनाते हैं? इस दिन लोग अपने घरों को रंग-बिरंगी रंगोली और फूलों से सजाते हैं। गुढ़ी ध्वज का फहराया जाता है, जो फूलों, आम और नीम के पत्तों के साथ एक रंगीन रेशमी दुपट्टे को बांस की छड़ी से बांधकर बनाया जाता है। गुढ़ी ध्वज भगवान ब्रह्मा की जीत का प्रतीक है। घरों के बाहर इसे सौभाग्य और समृद्धि के प्रतीक के रूप में फहराया जाता है।
साखर गाथी गुढ़ी पाड़वा उत्सव का एक महत्वपूर्ण अनुष्ठान है, साखर गाथी , एक मिश्री की माला जो मिठास और खुशी के प्रतीक के रूप में देवताओं को चढ़ाई जाती है। पूरन पोली, श्रीखंड और आमरस जैसे विशेष व्यंजन इस अवसर की शोभा बढ़ाते हैं। पारंपरिक पोशाकों में लोग बड़े उत्साह और आनंद के साथ उत्सव में नाचते गाते हैं। यह त्योहार मुख्य रूप से महाराष्ट्र और गोवा में मनाया जाता है। भारत के अन्य हिस्सों में भी अलग-अलग नामों और परंपराओं के साथ मनाया जाता है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में, इस त्योहार को उगाडी के नाम से जाना जाता है, जबकि कर्नाटक में इसे युगादी कहा जाता है। सिंधी में, त्योहार को चेटी चंद के नाम से जाना जाता है और इसे भगवान झूलेलाल के उद्भव दिवस के रूप में मनाया जाता है।