अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बड़ी सफलता मिली है। भारत को चार साल की अवधि के लिए संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग के लिए चुना गया है। भारत की विश्व संगठन के सर्वोच्च सांख्यिकीय निकाय में दो दशक बाद वापसी हुई है। भारत ने कड़े मुकाबले में चीन समेत अन्य देशों को पीछे छोड़ते हुए हुए ये सफलता हासिल की है।
भारत को कितने वोट मिले ?
भारत कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच चार साल के लिए संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग के लिए चुना गया है। भारत को मिली इस बड़ी जीत में उसे 53 में से 46 वोट मिले। चार साल का यह कार्यकाल अगले साल पहली जनवरी से शुरू होगा।
गुप्त मतदान द्वारा हुआ चुनाव
भारत का चयन गुप्त मतदान से हुआ जबकि अर्जेंटीना, सिएरा लियोन, स्लोवेनिया, यूक्रेन, यूनाइटेड रिपब्लिक ऑफ तंजानिया और अमेरिका निर्विरोध चुने गए। चार साल का यह कार्यकाल अगले साल पहली जनवरी से शुरू होगा। भारत को यह सफलता तब मिली है जब चीन और साउथ कोरिया, एशिया प्रशांत श्रेणी से शेष सीट से निर्वाचित होने के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
2004 में भी बना था आयोग का सदस्य
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘भारत एक जनवरी 2024 से शुरू होने वाले चार साल के कार्यकाल के लिए संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च सांख्यिकीय निकाय के लिए चुना गया। भारतीय दल को एक प्रतिस्पर्धी चुनाव में इतनी मजबूती से जीत हासिल करने के लिए बधाई।’ जयशंकर ने कहा कि सांख्यिकी, विविधता और जनसांख्यिकी के क्षेत्र में भारत की विशेषज्ञता ने उसे संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी आयोग में स्थान दिलाया है। इससे पहले, भारत 2004 में सांख्यिकी आयोग का सदस्य था और देश दो दशकों के अंतराल के बाद संयुक्त राष्ट्र एजेंसी में वापस आया है।
क्या है संयुक्त राष्ट्र सांख्यिकी समिति?
इस निकाय में संयुक्त राष्ट्र के 24 सदस्य देश शामिल होते हैं, जिन्हें एक समान भौगोलिक वितरण के आधार पर यूएन इकोनॉमिक और सोशल काउंसिल की ओर से चुना जाता है। इसके सदस्यों में पांच अफ्रीकी देश, एशिया-प्रशांत क्षेत्र से चार, पूर्वी यूरोप से चार, लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र से चार और पश्चिम यूरोप से सात देश शामिल होते हैं। यह अंतरराष्ट्रीय सांख्यिकीय गतिविधियों के लिए शीर्ष निर्णय लेने वाला निकाय है, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यान्वयन समेत सांख्यिकीय मानकों की स्थापना और अवधारणाओं और तरीकों के विकास के लिए जिम्मेदार है।