देश में चीनी उद्योग को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार की नीतियों का असर न सिर्फ रिकॉर्ड गन्ना उत्पादन पर हो रहा है, बल्कि इथेनॉल उत्पादन में भी तेजी से वृद्धि हो रही है। इसका प्रमाण हमें चीनी उद्योग में हो रहे चहुंमुखी विकास से मिलता है। इसके संबंध में कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने एक ट्वीट कर जानकारी दी है। https://twitter.com/nstomar/status/1635577420848701440?s=20
5,000 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गन्ने की पैदावार
उन्होंने बताया कि देश में 5,000 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा गन्ने की पैदावार हो रही है। जी हां, 19 जनवरी 2023 को उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़े भी इसी ओर इशारा करते हैं। आंकड़ों पर गौर करें तो चीनी सत्र 2021-22 में 5,000 लाख मीट्रिक टन (LMT) से ज्यादा गन्ने की पैदावार हुई।
394 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन
ऐसे में वर्ष 2021-22 भारतीय चीनी क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक सत्र साबित हुआ है। केवल इतना ही नहीं इससे 394 लाख एमटी चीनी (सुक्रोज) का उत्पादन हुआ, जिसमें 36 लाख चीनी का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन में किया गया और चीनी मिलों द्वारा 359 एलएमटी चीनी का उत्पादन किया गया।
36 लाख मीट्रिक टन चीनी से इथेनॉल उत्पादन
बताना चाहेंगे कि पिछले 5 साल में इथेनॉल के जैव ईंधन क्षेत्र के रूप में विकास से चीनी क्षेत्र को खासा समर्थन मिला है, क्योंकि चीनी से इथेनॉल के उत्पादन से चीनी मिलों की वित्तीय स्थिति में पहले से काफी सुधार हुआ है। इस क्रम में भुगतान तेज हुआ है, कार्यशील पूंजी की जरूरत कम हुई है और मिलों के पास अतिरिक्त चीनी कम होने से पूंजी के फंसने के मामले भी कम हुए हैं।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक
इसका परिणाम यह रहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा चीनी उत्पादक और उपभोक्ता के साथ-साथ ब्राजील के बाद दुनिया में चीनी का दूसरा सबसे बड़ा निर्यातक बनकर उभरा है। आज भारत में गन्ना किसानों की स्थिति में भी काफी सुधार आया है। चीनी क्षेत्र चीनी सत्र 2021-22 से बिना सब्सिडी के अब आत्मनिर्भर हो गया है। तभी तो आज भारत के चीनी उद्योग में आत्मनिर्भरता की मिठास घुल रही है।